गुना प्रभात किरण जोशी। कूनो नेशनल पार्क से निकला चीता अब गुना जिले के फतेहगढ़ क्षेत्र के जंगल में पहुंच गया है। चीते की लोकेशन ट्रैकिंग कॉलर से फतेहगढ़ के जंगल में मिलने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार कूनो से विचरण करते हुए चीता सीसीबी-4 लगातार आगे बढ़ रहा है और अब वह गुना जिले की सीमा में प्रवेश कर फतेहगढ़ के जंगल में डेरा जमाए हुए है। वन विभाग की टीम चीते की हर गतिविधि पर नजर रख रही है।
चीते के फतेहगढ़ पहुंचने की खबर के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल की ओर अकेले न जाएं और चीते को देखकर छेड़छाड़ न करें। साथ ही मवेशियों को जंगल में चराने से बचने की सलाह दी गई है।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार चीता पूरी तरह स्वस्थ है और उसकी ट्रैकिंग लगातार की जा रही है। सुरक्षा के लिए फतेहगढ़ क्षेत्र में अतिरिक्त वनकर्मियों की तैनाती की गई है। ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए मुनादी भी कराई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि कूनो से चीते अक्सर विचरण करते हुए श्योपुर, मुरैना और गुना की सीमा तक पहुंच जाते हैं। इस बार भी चीता अपने प्राकृतिक विचरण के दौरान फतेहगढ़ तक पहुंचा है।








