‘हमारे राम सीधे, तुम्हारे कृष्ण टेढ़े’ – धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर मचा बवाल, अयोध्या के संतों ने जताई नाराजगी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिवपुरी/ करैरा नई हलचल। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर अपने विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए दिए गए उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा – “तुम अपने वाले ठाकुर जी की एक भी फोटो देख लो। कहीं बैठे हैं तो टेढ़े, खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े। पांव के ऊपर पांव, कमर कहीं लचकाए, फिर टेढ़ी गर्दन करके बंसी बजाते हैं। जबकि हमारे वाले तो खड़े भी एकदम सीधे होते हैं। उनका नाम भी सीधा, दिखते भी सीधे और चलते भी सीधे। तुम्हारे वाले का नाम भी टेढ़ा, दिखते भी टेढ़े और चलते भी टेढ़े।”

उन्होंने आगे यह भी कहा कि “बंसी तो कोई भी बजा लेता है, लेकिन धनुष चलाना सबके बस की बात नहीं है। हमारे वालों का धनुष चलाना खेल नहीं है।” इस बयान को भगवान श्रीकृष्ण और बांके बिहारी के भक्तों का अपमान बताकर विरोध शुरू हो गया है।

अयोध्या के संतों और यादव समाज में आक्रोश

बयान सामने आने के बाद अयोध्या के संतों ने कड़ी नाराजगी जताई है। सत्य सनातन धर्म प्रचारक दिवाकराचार्य महाराज ने धीरेंद्र शास्त्री पर सनातन धर्म के आराध्यों को लेकर विवादित टिप्पणी करने और हिंदू समाज को बांटने का आरोप लगाया है।

वहीं वृंदावन और मथुरा के कृष्ण भक्तों के साथ-साथ यादव समाज ने भी इस बयान को भगवान श्रीकृष्ण का अपमान बताया है। सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि राम और कृष्ण दोनों एक ही हैं, दोनों भगवान विष्णु के अवतार हैं, उनमें भेद करना गलत है। मिर्ची बाबा ने भी इस टिप्पणी पर निशाना साधते हुए कहा कि बांके बिहारी पर टिप्पणी कर धीरेंद्र शास्त्री फंस गए हैं।

धीरेंद्र शास्त्री का पक्ष – मजाक में कही थी बात

विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री की ओर से कहा गया है कि उन्होंने यह बात मजाकिया अंदाज में कही थी। उनका तर्क है कि भगवान कृष्ण की त्रिभंगी मुद्रा का वर्णन किया था, जिसमें शरीर तीन जगह से मुड़ा हुआ दिखता है। वहीं भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में सीधे खड़े होने वाले स्वरूप में बताया था। अभी तक इस पूरे मामले पर धीरेंद्र शास्त्री की तरफ से कोई विस्तृत स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

करवा चौथ को बताया था ‘खसम पूजन दिवस’

इसी करैरा कथा में धीरेंद्र शास्त्री ने करवा चौथ को लेकर भी विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था – “हमने तो करवा चौथ का नया नाम ‘खसम पूजन दिवस’ रख लिया है। एक दिन पत्नी पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती है, बाकी 364 दिन ताने मारती है।” इस बयान पर भी साध्वी हर्षा रिछारिया समेत कई लोगों ने आपत्ति जताई। बाद में धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई दी कि बुंदेलखंड में पति को खसम कहते हैं, उसी बोली में उन्होंने यह बात कही थी।

पहले भी 5 बार विवाद, 5 बार सफाई-माफी

यह पहला मौका नहीं है। पहले भी 5 विवादित बयानों पर उन्हें सफाई या माफी देनी पड़ी है –

1. फरवरी 2023 – संत तुकाराम की पत्नी पर टिप्पणी, माफी मांगते हुए शब्द वापस लिए।
2. अप्रैल 2023 – साईं बाबा पर टिप्पणी, कहा था संत हो सकते हैं भगवान नहीं, बाद में खेद जताया।
3. अप्रैल 2023 – भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन पर टिप्पणी, समाज की भावना आहत करने पर खेद जताया।
4. अप्रैल 2024 – अली और बजरंगबली पर टिप्पणी, वीडियो जारी कर माफी मांगी।
5. अप्रैल 2026 – छत्रपति शिवाजी महाराज पर टिप्पणी, सम्मान के भाव से कही बात को गलत समझा गया, कहा।

फिलहाल करैरा कथा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर बहस का बड़ा मुद्दा बना हुआ है। एक पक्ष इसे भगवान कृष्ण की लीला का सहज वर्णन बता रहा है, तो दूसरा पक्ष इसे आराध्य का अपमान मानकर माफी की मांग कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें