जावरा (रतलाम)। धाकड़ीपुरा निवासी फिरोज खान की तीन साल की बेटी जोया रविवार दोपहर को घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने जोया को चारों तरफ से घेर लिया और उसके सिर, पेट और पीठ पर बुरी तरह काट लिया। उसके सिर में करीब 2 इंच गहरा घाव हो गया है।
चीख सुनकर दौड़े परिजन
जोया की चीख सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने कुत्तों को भगाकर बच्ची को बचाया। इसके बाद परिजन उसे जावरा अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।पिता फिरोज खान ने बताया कि बच्ची के पूरे शरीर पर चोटें हैं। सिर में करीब 2 इंच गहरा घाव है। डॉक्टरों ने अभी टांके नहीं लगाए हैं। मेडिकल कॉलेज में इंजेक्शन और ड्रिप दिए जाने के दौरान बच्ची बेहोशी की हालत में है। डॉक्टरों ने सोमवार को टांके लगाने की बात कही है।
पिता बोले – आंगनबाड़ी के पास जमा होते हैं कुत्ते
जोया के पिता फिरोज खान ने बताया कि घर के पास एक आंगनबाड़ी है। वहां बचा हुआ खाना कुत्तों को दिया जाता है। इससे रोज वहां कुत्तों का झुंड जमा होता है।
फिरोज के मुताबिक, धाकड़ीपुरा निवासी मंजर खान पिता अजहर खान और अरशीदा पिता अजहर खान आंगनबाड़ी चलाते हैं। मंजर खान पूर्व पार्षद रह चुका है और फिलहाल सरकारी ठेकेदार है। वहीं, अरशीदा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है।
फिरोज का आरोप है कि दोनों बचा हुआ खाना कुत्तों को डालते हैं। उन्होंने पहले भी कई बार इस बारे में उनसे बात की, लेकिन विवाद होने लगा। उनका कहना है कि आंगनबाड़ी में कई बच्चे आते हैं और कुत्ते उन पर भी हमला कर सकते हैं।
मां की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ केस
इस मामले में मां की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जावरा में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, लेकिन नगर परिषद की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। मासूम जोया की हालत को लेकर पूरे क्षेत्र में चिंता बनी हुई है








