देवास/खातेगांव नई हलचल। मध्यप्रदेश में शराब माफिया का दुस्साहस अब इस हद तक बढ़ गया है कि उसने वर्दी पर ही ट्रक चढ़ा दिया। देवास जिले के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की रविवार देर रात अवैध शराब की तस्करी रोकने के दौरान ट्रक से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना ने पूरे पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया है।
सूचना मिली तो 5 टीमें लगी थीं
पुलिस सूत्रों के अनुसार रविवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरदा की ओर से अवैध शराब से भरा एक आयशर ट्रक इंदौर होते हुए गुजरात की ओर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए देवास पुलिस ने 5 टीमें बनाकर हरदा-नेमावर हाईवे और इंदौर-बैतूल हाईवे पर अलग-अलग जगह नाकाबंदी की थी। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी अपनी टीम के साथ खातेगांव-नेमावर रोड पर चेकिंग कर रहे थे।
रुकने का इशारा किया तो चढ़ा दिया ट्रक
रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच संदिग्ध आयशर ट्रक क्रमांक MP 43 H 4786 नाके की ओर आता दिखा। टीआई पुरी ने ट्रक को रोकने का इशारा किया और सामने आकर खड़े हुए। आरोप है कि चालक ने ट्रक रोकने के बजाय स्पीड बढ़ा दी और सीधे टीआई पर वाहन चढ़ा दिया। ट्रक का पिछला पहिया उनके सिर और सीने के ऊपर से गुजर गया। इससे वे गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े और कुछ ही क्षणों में दम तोड़ दिया।
घटना के बाद ट्रक थोड़ी दूर जाकर रुका। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने ट्रक को घेरकर जब्त किया और चालक को हिरासत में ले लिया।
ट्रक में शराब का खेल
मौके पर ट्रक ऊपर से खाली दिखाई दिया, लेकिन आबकारी विभाग की जांच में उसके भीतर बने गुप्त चैंबर में शराब भरी होने की बात सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह शराब कहां से भरी गई थी, किसके कहने पर गुजरात ले जाई जा रही थी और इसके पीछे कौन सा बड़ा गिरोह काम कर रहा है। चालक से पूछताछ में कई नाम सामने आने की संभावना है।
शहादत पर शोक, अधिकारियों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही देवास एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस लाइन और थाने में शोक की लहर है। टीआई दिलीप पुरी को कर्तव्यपरायण और निर्भीक अधिकारी माना जाता था। उन्होंने खातेगांव क्षेत्र में अवैध शराब, अतिक्रमण और वन अपराधों के खिलाफ कई कार्रवाइयां की थीं। उनके शहीद होने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।
मामला दर्ज, माफिया पर शिकंजा
पुलिस ने चालक के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। ट्रक मालिक और शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। देवास पुलिस ने साफ कहा है कि इस घटना को महज हादसा नहीं माना जाएगा, बल्कि हत्या के रूप में जांच होगी।
बड़ा सवाल – कब थमेगा माफिया का आतंक?
इंदौर-बैतूल हाईवे शराब तस्करी का पुराना रूट माना जाता है। हरदा, खंडवा, बैतूल से शराब भरकर गुजरात तक पहुंचाने का खेल लंबे समय से चल रहा है। पहले भी कई बार पुलिस पर हमले हो चुके हैं, लेकिन इस बार एक थाना प्रभारी की ही जान चली गई। इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर शराब माफिया इतना बेखौफ क्यों है और तस्करी के इस रैकेट को संरक्षण कौन दे रहा है।क्या कहना है इनका जब रक्षक ही सुरक्षित नहीं भाजपा सरकार में तो आम जनता कैसे सुरक्षित होगी मुख्यमंत्री को जवाब देना चाहिए अरुण यादव कांग्रेस नेता , शराब माफियाओं पर ऐसी कार्यवाही हो कि जो इतिहास बने लोग जुर्म करने से कांपे दोबारा कभी हिम्मत न करे। उमंग सिंगार नेता प्रतिपक्ष मध्यप्रदेश विधानसभा










