विशाखापट्टनम /नई हलचल। भारतीय नौसेना के बड़े जंगी जहाज आईएनएस केसरी में शनिवार दोपहर पानी घुसने की घटना हुई। घटना के समय जहाज विशाखापट्टनम के नेवल डॉकयार्ड में खड़ा था। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की खबर नहीं है। जहाज से पानी निकालने का काम फिलहाल जारी है।
डॉकयार्ड में खड़ा था जहाज
भारतीय नौसेना के एक अधिकारी ने बताया कि आईएनएस केसरी में पानी घुसने की घटना शनिवार दोपहर हुई। यह घटना तब हुई, जब जहाज विशाखापत्तनम के नेवल डॉकयार्ड में खड़ा था। नौसेना के प्रवक्ता ने कहा कि पानी बाहर निकालने का काम फिलहाल जारी है।
सूत्रों के अनुसार डॉकयार्ड में खड़े होने के कारण ही बड़ा हादसा टल गया। यदि जहाज समुद्र में होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। तकनीकी दल ने तुरंत पंप लगाकर पानी निकालना शुरू किया और रिसाव वाले हिस्से को सील करने का काम किया।
क्या है आईएनएस केसरी
आईएनएस केसरी भारतीय नौसेना का एक बड़ा जंगी जहाज (टैंक लैंडिंग शिप) है, जिसे भारत में ही तैयार कर साल 2008 में नौसेना में शामिल किया गया था।
इसका मुख्य काम जंग या जरूरत के वक्त सेना के जवानों, भारी टैंकों और सैन्य वाहनों को समुद्र के रास्ते सीधे किनारे तक पहुंचाना है।
रक्षा मिशनों के अलावा यह जहाज प्राकृतिक आपदाओं, राहत कार्यों और विदेशों तक मानवीय सहायता व दवाइयां पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाता है।
जहाज में पानी घुस जाने की पिछली घटनाएं...
30 जनवरी 2011: मुंबई हार्बर में आईएनएस विंध्यगिरि दूसरे जहाज से टकराया, जिसके बाद आग बुझाने और दरार से भारी पानी भरने पर जहाज समुद्र तल पर बैठ गया।
14 अगस्त 2013: मुंबई नेवल डॉकयार्ड में आईएनएस सिंधुरक्षक पनडुब्बी में भयानक विस्फोट और आग के बाद पानी भर गया और वह डूब गई।
6 नवंबर 2014: विशाखापत्तनम तट के पास नौसेना का टॉरपीडो रिकवरी वेसल (TRV A-72) पानी का तेज रिसाव न रुकने की वजह से समंदर में डूब गया।
5 दिसंबर 2016: मुंबई नेवल डॉकयार्ड में ड्राई डॉक से बाहर निकालते समय आईएनएस बेतवा पलट गया था, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई थी और 14 घायल हुए थे।
नौसेना ने कहा है कि आईएनएस केसरी की घटना की जांच की जा रही है और पानी पूरी तरह निकालने के बाद ही जहाज की मरम्मत और जांच रिपोर्ट सामने आएगी।








