लटेरी नई हलचल अशोक मीना
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को कलेक्टर अंशुल गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने लटेरी तहसील का सघन भ्रमण कर विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी।
अधिकारियों ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र में संचालित शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनवाड़ी, छात्रावासों, तहसील कार्यालय, गौशाला और नगर परिषद के निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया।
स्कूलों में परखी शैक्षणिक गुणवत्ता:
कलेक्टर ने मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल और सांदीपनी विद्यालय का निरीक्षण किया। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से रसायन शास्त्र के सूत्रों और सामान्य ज्ञान पर सवाल पूछे। एक छात्रा के सटीक जवाब पर उन्होंने उसकी सराहना की। उन्होंने सूचना पटल को अपडेट रखने और परिसर में वॉलीबॉल ग्राउंड विकसित करने के निर्देश नगर परिषद को दिए।
आदिवासी छात्रावास और अस्पताल का निरीक्षण:
राजा शंकर शाह रघुनाथ शाह आदिवासी बालक आश्रम शाला और वीरांगना रानी दुर्गावती कन्या आश्रम शाला में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जनजातीय कार्य विभाग के आयुक्त श्री तरुण राठी ने भी कन्या आश्रम शाला का निरीक्षण कर अधीक्षक को आश्रम में ही रात्रि विश्राम करने के निर्देश दिए। सिविल हॉस्पिटल लटेरी की नवीन बिल्डिंग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं देखीं।
उद्यम संवाद में युवाओं को किया प्रेरित:
नवीन बस स्टैंड स्थित लक्ष्मीकांत शर्मा प्रतीक्षालय में आयोजित उद्यम संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर ने स्वरोजगार योजनाओं – मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति, पीएम विश्वकर्मा, पीएम स्वनिधि सहित 11 योजनाओं की जानकारी दी। लटेरी के प्रदीप विश्वकर्मा ने बताया कि पीएम विश्वकर्मा योजना से मिले 1 लाख के ऋण और टूलकिट से उनकी ‘जय माता दी स्टील वेल्डिंग वर्कशॉप’ को नई दिशा मिली है।
अन्य कार्रवाईयां:
– वाहन चेकिंग: लटेरी में 6 वाहनों पर चालानी कार्रवाई, 83 हजार रुपए शमन शुल्क वसूल, 1 यात्री बस जब्त।
– जिला बदर: गोपाल कुशवाहा (ग्राम लगधा) को 3 माह के लिए जिला बदर किया गया।
– नागरिक सुविधाएं: तालाब सौंदर्यीकरण और भुजारिया घाट का निरीक्षण। वार्ड 10 की आंगनवाड़ी और PACS का भी निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना और प्रशासन व आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करना है









