लटेरी नई हलचल अशोक मीना । इंतजार खत्म! शक्ति की उपासना का महापर्व शारदीय नवरात्रि कल, रविवार 11 अक्टूबर से शुरू होने जा रहा है। कल सुबह शुभ मुहूर्त में घटस्थापना के साथ ही घर-घर और पंडाल-पंडाल में माँ भवानी विराजमान होंगी और अगले 9 दिन तक पूरा इलाका “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठेगा।
माँ के स्वागत के लिए शहर से लेकर गांव-गांव तक तैयारियां जोरों पर हैं। प्रमुख स्थानों पर बने भव्य दुर्गा पंडाल लगभग सजकर तैयार हो चुके हैं। कहीं कारीगर माँ की प्रतिमा को अंतिम रूप दे रहे हैं, तो कहीं लाइट और फूलों से पंडालों को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। बाजारों में चुनरी, नारियल और जवारे लेने वालों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है।
पंडितों के अनुसार घटस्थापना का सबसे शुभ मुहूर्त कल सुबह 06:19 से 10:12 बजे तक रहेगा, वहीं अभिजीत मुहूर्त 11:44 से 12:31 बजे तक रहेगा। कल पहले दिन माँ शैलपुत्री की पूजा होगी।
गरबा प्रेमियों के लिए खुशखबरी
लटेरी में इकलौता भव्य गरबा उत्सव
हमारे क्षेत्र में जहाँ गरबा का कोई बड़ा आयोजन नहीं होता, वहीं इस बार KG इवेंट 5 के माध्यम से गुलाब वाटिका में दिनांक 16, 17 और 18 अक्टूबर को 3 दिवसीय भव्य गरबा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह पूरे क्षेत्र का सबसे बड़ा गरबा इवेंट होगा, जिसकी तैयारियां गुलाब वाटिका में शुरू हो चुकी हैं।
प्रशासन मुस्तैद, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। सभी प्रमुख दुर्गा पंडालों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। सीसीटीवी से निगरानी, महिला पुलिस की तैनाती और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष प्लान बनाया गया है। एसडीओपी अमरेश बोहरे ने आयोजकों से नियमों का पालन करने और डीजे की आवाज तय सीमा में रखने की अपील की है।
9 दिन तक माँ के नौ रूपों की विधि-विधान से पूजा होगी। मान्यता है कि सच्चे मन से की गई आराधना से सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।









