वंदे मातरम् के 125वें वर्ष पर आयोजित हुआ सामूहिक गायन कार्यक्रम, शिक्षक-विद्यार्थियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने लिया भाग
अजमेर नई हलचल, । विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के तत्वावधान में वंदे मातरम् के 125वें वर्ष के उपलक्ष्य में शुक्रवार को देशभर में सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में माकूपुरा स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय में भी प्रातः 11 बजे सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का गायन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य “एक समय, एक लय, एक स्वर—वंदे मातरम्” के भाव के साथ विद्यार्थियों एवं आमजन में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना रहा।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कुल 618 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। इनमें विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी तथा विभिन्न आयु वर्ग के बच्चे शामिल रहे। कक्षा एक से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर राष्ट्रगीत के सामूहिक स्वर से गूंज उठा। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को एक साथ अनुशासनबद्ध तरीके से राष्ट्रगीत गाते देखना उपस्थित लोगों के लिए भावनात्मक एवं प्रेरणादायक अनुभव रहा।
कार्यक्रम के संबंध में जारी प्रमाण-पत्र में उल्लेख किया गया कि 25 सितंबर 2026 को प्रातः 11 बजे आयोजित वंदे मातरम् के 125वें वर्ष के सामूहिक गायन कार्यक्रम में 618 प्रतिभागी उपस्थित रहे और कार्यक्रम में सहभागी बने।
नई हलचल की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित रहकर आयोजन का अवलोकन किया गया। मौके पर प्रतिभागियों की संख्या का भी अवलोकन किया गया। विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थियों सहित विभिन्न कक्षाओं के बच्चों की सहभागिता कार्यक्रम की विशेषता रही।
सामूहिक गायन के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और देशभक्ति का भाव देखने को मिला। आयोजन ने विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया









