जालौन। जिले के कोंच क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। पचीपुरी स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय को चोरों ने निशाना बनाते हुए स्कूल के ताले तोड़कर हजारों रुपये की नगदी समेत महत्वपूर्ण सामान और अभिलेख चोरी कर लिए। घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस चोरी का खुलासा नहीं कर सकी है।
बताया जा रहा है कि चोर विद्यालय के कार्यालय की अलमारी से करीब 5 हजार रुपये की नगदी और महत्वपूर्ण अभिलेख पार कर ले गए। इसके अलावा इन्वर्टर, बड़ी बैटरी, स्पीकर और सरकारी टैबलेट भी चोरी होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्कूल परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण चोरों की पहचान करने में पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी चोरी का खुलासा न होने से स्थानीय लोगों और विद्यालय से जुड़े लोगों में नाराजगी है। क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर भी चर्चा बनी हुई है। अब लोगों को पुलिस से जल्द चोरी का खुलासा किए जाने की उम्मीद है









