लटेरी नई हलचल। विदिशा जिले की लटेरी तहसील अंतर्गत आने वाले महोटी हाई स्कूल में चोरों ने बीती रात चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसारअज्ञात चोरों ने स्कूल के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और स्कूल में रखे चार कंप्यूटर सेट सहित स्पीकर सिस्टम चोरी कर फरार हो गए।
चोरों ने स्कूल के ऑफिस का ताला भी तोड़ने का प्रयास किया है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर और भी कीमती सामान ले जाने की फिराक में थे।
घटना का पता चलने पर स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। स्कूल प्राचार्य रणधीर सिंह मीना ने थाने में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि स्कूल में लगे कंप्यूटरों से बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा दी जाती थी, चोरी होने से अब बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी। स्कूल जैसे शिक्षा के मंदिर में हुई इस चोरी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और ग्रामीणों ने जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की है









