अजमेर नई हलचल अनिल कुमार। अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने नगर निगम चुनाव परिणाम के बाद अजमेर की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस पर विश्वास जताते हुए 37 पार्षदों को विजयी बनाया है। वहीं उप महापौर चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नौरत गुर्जर को कांग्रेस के सभी 40 समर्थक पार्षदों का समर्थन मिला।
डॉ. जयपाल ने कहा कि उप महापौर चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नौरत गुर्जर को कुल 40 वोट मिले। उन्होंने दावा किया कि इससे नगर निगम में कांग्रेस के साथ 40 पार्षदों के एकजुट होने की स्थिति स्पष्ट होती है। उप महापौर पद लॉटरी के माध्यम से भाजपा के खाते में गया।
उन्होंने कहा कि पिछले नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के 18 पार्षद निर्वाचित हुए थे, जबकि इस बार कांग्रेस के 37 पार्षद जीतकर आए हैं। यह अजमेर की जनता का कांग्रेस के प्रति बढ़े समर्थन और विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने इसके लिए शहरवासियों का आभार व्यक्त किया।
जनसमस्याओं को लेकर विपक्ष की भूमिका निभाएगी कांग्रेस
डॉ. जयपाल ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में हो या विपक्ष में, जनता के हितों के मुद्दों को उठाती रही है। नगर निगम में कांग्रेस पार्षद पानी, सड़क, सफाई, सीवरेज, बिजली, यातायात और विकास कार्यों सहित शहर की विभिन्न जनसमस्याओं को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर जनता के अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन भी किया जाएगा।
महापौर चुनाव को लेकर लगाए आरोप
महापौर चुनाव को लेकर डॉ. जयपाल ने सत्ता पक्ष पर सत्ता बल, धनबल, बाहुबल और प्रशासनिक प्रभाव के इस्तेमाल के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव के दौरान सामने आए हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए।
डॉ. जयपाल ने कहा कि अजमेर की जनता ने कांग्रेस को पहले की तुलना में अधिक मजबूती दी है और पार्टी इस विश्वास को कमजोर नहीं होने देगी। कांग्रेस के पार्षद जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और जरूरतों को नगर निगम तक पहुंचाएंगे तथा जनहित के मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ 40 पार्षद जनता की आवाज बनकर नगर निगम में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे और विपक्ष में रहकर शहर के विकास एवं जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएंगे









