लटेरी नई हलचल । कल 22 सितंबर को होने वाले ऐतिहासिक डोल ग्यारस मेला महोत्सव में ठाकुर जी के जलविहार को लेकर लटेरी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है।
आज दिनांक 21.09.2026 को SDOP अमरेश बोहरे एवं थाना प्रभारी लटेरी ने भारी पुलिस बल के साथ नगर के मुख्य बाजार में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने सिरोंज चौराहा, जय स्तंभ चौराहा सहित विमान के पूरे रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर अतिक्रमण कर लगे ठेले-गुमटियों और दुकान के बाहर रखे सामान को हटवाया गया। दुकानदारों को समझाइश दी गई कि कल विमान चल समारोह के दौरान मार्ग में किसी भी प्रकार का व्यवधान न करें।
SDOP श्री बोहरे ने आमजन एवं वाहन चालकों से भी मेला के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। भ्रमण के दौरान नगर में शांति एवं कानून-व्यवस्था सामान्य रही









