20 सितम्बर 74 केंद्रों पर होगी उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर पुनः परीक्षा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

24,360 परीक्षार्थी होंगे शामिल,कलेक्टर  लोक बन्धु ने अधिकारियों को दिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

(अजमेर,नई हलचल अनिल कुमार)  । राजस्थान लोक सेवा आयोग, अजमेर द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 (गृह विभाग) को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं सुचारू आयोजन के लिए जिला कलेक्टर श्री लोक बन्धु की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों को परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

जिला कलेक्टर ने बताया कि पुनः परीक्षा रविवार, 20 सितम्बर को दो पारियों में आयोजित होगी। पहली पारी प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। अजमेर जिले में परीक्षा के लिए कुल 74 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जहां 24,360 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

कंट्रोल रूम स्थापित

परीक्षा के सफल संचालन और किसी भी प्रकार की समस्या के त्वरित समाधान के लिए जिला कलक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। परीक्षार्थी एवं संबंधित व्यक्ति आवश्यक स्थिति में 0145-2422517 पर संपर्क कर सकते हैं।

परीक्षा केन्द्रों पर रहेगी कड़ी सुरक्षा

बैठक में जिला कलेक्टर ने पुलिस विभाग को परीक्षा केन्द्रों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर आवश्यकतानुसार पुलिस जाप्ता तैनात करने के निर्देश दिए। परीक्षा केन्द्रों के आसपास नियमित गश्त के साथ कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा होटल, धर्मशाला और गेस्ट हाउसों की निगरानी करने को कहा गया।

बस एवं रेलवे स्टेशन तथा प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए। परीक्षार्थियों की HHMD/DMFD डिवाइस से फ्रिस्किंग के लिए महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की पृथक व्यवस्था करने तथा प्रत्येक पारी से पहले डिवाइस को पूरी तरह चार्ज रखने के निर्देश दिए गए।

साइबर कैफे और ई-मित्र पर विशेष निगरानी

जिला कलेक्टर  ने परीक्षा केन्द्रों के आसपास सघन निरीक्षण करने तथा संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। परीक्षा केन्द्रों के 100 मीटर के दायरे में आने वाले साइबर कैफे एवं ई-मित्र दुकानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पुलिसकर्मी को परीक्षा केन्द्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा के प्रश्नपत्र एवं स्ट्रांग रूम की पर्याप्त पुलिस सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

चिकित्सा व्यवस्था भी रहेगी मुस्तैद

चिकित्सा विभाग को परीक्षा प्रारंभ होने से एक दिन पूर्व से परीक्षा समाप्ति तक कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र को परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए शाम 6 बजे तक खुला रखने तथा अलग से चिकित्सकीय दल गठित करने को कहा गया।

रेलवे और रोडवेज को अतिरिक्त व्यवस्था के निर्देश

अन्य जिलों से अजमेर आने वाले परीक्षार्थियों की संख्या को देखते हुए रेलवे विभाग को आवागमन एवं परिवहन की समुचित व्यवस्था करने तथा रेलवे स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण के निर्देश दिए गए।

रोडवेज एवं परिवहन विभाग को आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने तथा निजी बस संचालकों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और शहर के मध्य स्थित परीक्षा केन्द्रों के आसपास परीक्षार्थियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए आवश्यक स्थान चिन्हित कर बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

नगर निगम को सफाई और जल निकासी की जिम्मेदारी

नगर निगम को स्थानीय परिवहन, सार्वजनिक शौचालयों एवं सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कचरा पात्रों को समय पर खाली कराने, परीक्षार्थियों के ठहरने के लिए धर्मशालाओं एवं रैन बसेरों को खुला रखने तथा अतिवृष्टि की स्थिति में परीक्षा केन्द्रों से पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया।

बिजली कटौती नहीं बनेगी परीक्षा में बाधा

विद्युत विभाग को परीक्षा के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में तत्काल सुधार के लिए तकनीकी टीमों को फील्ड में तैनात रखने को कहा गया।

शिक्षा विभाग को परीक्षा केन्द्रों पर नियमानुसार वीक्षकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण, उनकी निर्धारित समय पर उपस्थिति, परीक्षा केन्द्रों के आसपास सफाई के लिए नगर निगम से समन्वय तथा प्रत्येक परीक्षा कक्ष में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विद्युत कटौती की स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी लाइट की व्यवस्था भी रखने को कहा गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री हर्षवर्धन अगरवाला, अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्रीमती वंदना खोरवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें