.आगरा नई हलचल शाहगंज क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी द्वारा अवैध वसूली और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने 10 प्रतिशत मासिक ब्याज पर 3.50 लाख रुपये का कर्ज दिया था और अब मूल रकम से अधिक ब्याज वसूलने के बाद भी धमकियां दे रहा है। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने नाबालिग बहन को उठा ले जाने की धमकी भी दी है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए
सैलून सजाने के लिए लिया था कर्ज
शाहगंज निवासी शोएब अली ने बताया कि उसने अपना सैलून सजाने के लिए पुलिसकर्मी से 3.50 लाख रुपये 10 प्रतिशत मासिक ब्याज पर उधार लिए थे। कुछ समय तक उसने ब्याज का भुगतान किया, लेकिन कारोबार बंद होने और पिता की बीमारी के कारण वह पिछले दो महीने से ब्याज नहीं दे पाया। इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मी अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जेल भेजने की धमकी दी।
नाबालिग बहन को उठाने की धमकी
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने शोएब की नाबालिग बहन को उठा ले जाने की धमकी दी। परिवार का दावा है कि वे मूल रकम से अधिक ब्याज चुका चुके हैं और शेष रकम देने को तैयार हैं। आरोप है कि पुलिसकर्मी रिश्तेदारों के यहां भी तलाश कर परिवार पर दबाव बना रहा है, जिससे पूरा परिवार भयभीत है।
पुलिस आयुक्त ने दिए जांच के निर्देश
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है









