लटेरी। नई हलचल शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता को लेकर शिक्षक-कर्मचारियों ने मंगलवार को तहसील कार्यालय लटेरी पहुंचकर मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के बैनर तले दिए गए ज्ञापन में वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों के हितों और उनके अनुभव को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक एवं न्यायसंगत निर्णय लेने की मांग की गई।
शिक्षकों ने कहा कि लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था में सेवाएं दे रहे शिक्षक अपने अनुभव के आधार पर विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास में योगदान दे रहे हैं। ऐसे में नए प्रावधान लागू करते समय कार्यरत शिक्षकों की नियुक्ति परिस्थितियों, पूर्व सेवाओं और अनुभव को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उनका उद्देश्य व्यवस्था का विरोध करना नहीं, बल्कि शिक्षक हितों से जुड़े विषय पर शासन का ध्यान आकर्षित कर उचित समाधान की मांग करना है। ज्ञापन सौंपने के दौरान राज्य कर्मचारी संघ विदिशा के जिला उपाध्यक्ष वीरेन्द्र यादव सहित ऋषि द्विवेदी, अनिल दुबे, मनोज मिश्रा, दीपक, प्रकाश यादव, प्रमोद विश्वकर्मा, प्रेमनारायण शर्मा, राजीव सक्सेना, सुरेन्द्र भंडारी, भगवत सिंह धाकड़, अमित जैन, वीरेंद्र मीना,राजन सिंह जादौन,शक्ति सिंह राजपूत, रामबाबू यादव, सतीश शर्मा, जितेंद्र रघुवंशी, संतोष सुमन, प्रदीप पंथी, मुन्नालाल साहू, वाहिद खान सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।










