अशोक मीणा लटेरी।
पवित्र श्रावण मास के सुअवसर पर जिले की धर्म नगरी लटेरी में सोमवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। “हर हर महादेव” और “बम बम भोले” के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा। जमदग्नि आश्रम महादेव मंदिर बड़ी मदागन से सिद्धेश्वर महादेव मंदिर छोटी मदागन तक निकाली गई भव्य कावड़ यात्रा में हजारों शिवभक्त शामिल हुए।
गाजे-बाजे के साथ निकली यात्रा
कावड़ यात्रा की शुरुआत सुबह बड़ी मदागन स्थित जमदग्नि आश्रम महादेव मंदिर से विधि-विधान और पूजन के साथ हुई। इसके बाद डीजे की धुन और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कावड़िए जल लेकर रवाना हुए। यात्रा नगर के मुख्य मार्गों, बाजारों और चौराहों से होती हुई आगे बढ़ी। मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों ने पुष्प वर्षा कर कावड़ियों का स्वागत किया।
सिद्धेश्वर मंदिर पर हुआ जलाभिषेक
कावड़ यात्रा नगर भ्रमण के बाद छोटी मदागन स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यहां कावड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का विधिपूर्वक जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में “हर हर महादेव” के नारों से माहौल भक्तिमय हो गया। जलाभिषेक के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।
श्रद्धालुओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
इस वर्ष आयोजन में शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। दूर-दराज के गांवों से भी श्रद्धालु बसों और निजी वाहनों से बड़ी मदागन पहुंचे। युवा, महिलाएं और बच्चे सभी भगवा वस्त्र धारण कर कावड़ लेकर चल रहे थे। यात्रा के दौरान भक्तों में जबरदस्त जोश और ऊर्जा दिखाई दी।
सेवाभावियों ने की व्यवस्थाएं
कावड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए। श्रद्धालुओं के लिए फलाहार, चाय, ठंडे पानी, शरबत और खिचड़ी की व्यवस्था की गई। जगह-जगह प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी रखी गई थी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरा नगर शिवमय हो गया और वातावरण भक्तिमय बना रहा 