भोपाल: कल राजधानी में भाजपा का बड़ा शक्ति प्रदर्शन, राजनाथ सिंह करेंगे पदयात्रा का नेतृत्व

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भोपाल नई हलचल। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार, 4 नवंबर को भोपाल आ रहे हैं। वे यहां भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत निकाली जाने वाली विशाल पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि रक्षा मंत्री हमारे साथ पदयात्रा में शामिल होंगे और इसका नेतृत्व करेंगे।

क्यों हो रहा है यह अभियान

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने यह अभियान कांग्रेस द्वारा चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आलोचना के जवाब में शुरू किया है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक प्रक्रियाओं को लेकर भ्रम फैला रही है। इसी के खिलाफ पार्टी सड़क पर उतरकर जनता के बीच अपनी बात रख रही है।

यह अभियान 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलाया जा रहा है। इसके तहत 30 अक्टूबर को इंदौर और 2 नवंबर को जबलपुर में पदयात्रा हो चुकी है। अब 4 नवंबर को भोपाल में इसका सबसे बड़ा आयोजन होगा।

क्या रहेगा कार्यक्रम

पदयात्रा बुधवार सुबह 10 बजे टीटी नगर स्थित अटल पथ, प्लेटिनम प्लाजा से शुरू होगी। यहां पहले सभा होगी, जिसे राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल संबोधित करेंगे। इसके बाद पदयात्रा अटल पथ से शुरू होकर रोशनपुरा तक जाएगी, जहां समापन कार्यक्रम होगा।

इस पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के भी भोपाल पहुंचने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी शामिल होंगे।

एक लाख लोगों के जुटने का दावा

भाजपा ने इस पदयात्रा में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया है। वहीं प्रशासन का अनुमान है कि कार्यक्रम में 40 से 50 हजार लोग शामिल हो सकते हैं, जिनके लिए करीब 1,200 बसें और 2,000 चार पहिया वाहन भोपाल पहुंचेंगे।

प्रदेश के अलग-अलग जिलों से कार्यकर्ताओं के भोपाल पहुंचने का सिलसिला मंगलवार शाम से ही शुरू हो गया है।

ट्रैफिक और स्कूलों पर असर

कार्यक्रम को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। सुबह 8 बजे से भदभदा चौराहा, भारत माता चौराहा, जवाहर चौक, माता मंदिर, रोशनपुरा, लिंक रोड-1 और पॉलिटेक्निक चौराहे के आसपास यातायात का दबाव बढ़ सकता है।

पुराने भोपाल से आने वाली बसें भारत टॉकीज, लिली टॉकीज चौराहा, कंट्रोल रूम, गांधी पार्क और रोशनपुरा चौराहा होते हुए पहुंचेंगी। उनके लिए अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।

इधर जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों को पत्र लिखकर 4 नवंबर को स्कूल के समय में बदलाव या संचालन को लेकर आवश्यक निर्णय लेने को कहा है, ताकि विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी न हो।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

रक्षा मंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। अटल पथ और रोशनपुरा क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां पूरी कर ली गई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें