केंट टीआई अनूप कुमार भार्गव की सतर्कता से अल्टो कार में गांजा तस्करी करते तस्कर गिरफ्तार, 5 किलो गांजा + कार समेत 4.25 लाख का माल जप्त, स्मैक सिंडीकेट का अंतिम फरार भी दबोचा
गुना नई हलचल प्रभात किरण जोशी। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 27 अक्टूबर से चल रहे 15 दिवसीय प्रदेशव्यापी एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत गुना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के स्पष्ट निर्देश हैं कि जिले में नशे का कारोबार करने वाले किसी भी तस्कर, सप्लायर या उसके नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा। इसी सख्त रणनीति के तहत जिले भर में लगातार चेकिंग और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया है।
इसी अभियान के तहत केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में केंट थाना पुलिस ने 29 अक्टूबर की शाम को विलोनिया चक रोड पर बड़ी कार्रवाई की।
बताया गया कि इलाका भ्रमण के दौरान दो खम्बा के आगे से आ रही अल्टो कार क्रमांक MP33 ZN 6585 के चालक ने पुलिस वाहन देखकर गाड़ी मोड़कर भागने की कोशिश की। संदेह होने पर टीआई अनूप कुमार भार्गव की टीम ने तत्परता से पीछा कर कार को घेराबंदी कर रोका।
तलाशी में कार से 5.093 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा (कीमत लगभग 1.25 लाख) और तस्करी में प्रयुक्त अल्टो कार (कीमत लगभग 3 लाख) कुल 4.25 लाख रुपये का मशरूका विधिवत जप्त किया। आरोपी संतोष अग्रवाल (51), निवासी मझोला को मौके से गिरफ्तार कर थाना केंट में अपराध क्रमांक 1010/26 धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस अब इसके स्रोत और नेटवर्क की जांच कर रही है।
दूसरी बड़ी सफलता में केंट थाना प्रभारी अनूप कुमार भार्गव ने ही वर्ष 2025 के चर्चित स्मैक सिंडीकेट के फरार अंतिम आरोपी को भी पकड़ लिया। पटेल नगर रेलवे अंडरपास वाले मामले में कुल 19 आरोपी चिन्हित हुए थे, जिनमें से 18 पहले ही जेल जा चुके थे। अंतिम फरार श्रीप्रसाद उर्फ सिरिया (27), सिसौदिया कॉलोनी को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर पूरे सिंडीकेट का समापन कर दिया गया।
एसपी हितिका वासल ने कहा है कि गुना में नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी








