महापौर चुनाव में सत्ता, धन और बाहुबल के दुरुपयोग का डॉ. जयपाल ने लगाया आरोप

Share करें

✓ Link copy हो गया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

किरण गढ़वाल की उम्मीदवारी पर आपत्ति से लेकर निगम की फाइलों के मामले तक उठाए सवाल, लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करने का आरोप

अजमेर नई हलचल अनिल कुमार। अजमेर नगर निगम महापौर चुनाव के परिणाम के बाद शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। डॉ. जयपाल ने कहा कि महापौर चुनाव के दौरान सत्ता बल, धनबल और बाहुबल का कथित रूप से इस्तेमाल किया गया तथा सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के जरिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया।

डॉ. जयपाल ने कहा कि अजमेर नगर निगम की पुरानी बिल्डिंग से फाइलों के गायब होने के मामले से लेकर कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी किरण गढ़वाल की उम्मीदवारी पर आपत्ति दर्ज करवाने तथा उसे खारिज करवाने के कथित प्रयासों तक कई घटनाक्रम सामने आए। उन्होंने इन मामलों को चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता से जोड़ते हुए सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा किसी भी कीमत पर महापौर चुनाव अपने पक्ष में करना चाहती थी और इसके लिए सत्ता तंत्र का सहारा लिया गया। हालांकि, ये आरोप कांग्रेस की ओर से लगाए गए हैं।

डॉ. जयपाल ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि चुनाव प्रक्रिया का निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता से किसी भी प्रकार के समझौते का विरोध करती है।

37 पार्षद जनता की आवाज बनकर करेंगे काम

डॉ. जयपाल ने अजमेर की जनता का आभार जताते हुए कहा कि शहरवासियों ने कांग्रेस के 37 पार्षदों को नगर निगम में चुनकर भेजा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी पार्षद जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए ईमानदारी, निष्ठा और पूरी मेहनत के साथ काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्षद अजमेर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए नगर निगम में जनता की आवाज मजबूती से उठाएंगे। सफाई, पेयजल, सड़क, सीवरेज, जलभराव और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाया जाएगा।

डॉ. जयपाल ने कहा कि महापौर चुनाव का परिणाम कांग्रेस के संघर्ष को समाप्त नहीं करता। कांग्रेस शहर की जनता के हितों, अधिकारों और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर नगर निगम में मजबूती से अपनी भूमिका निभाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें