गंजबासौदा /नई हलचल
नगर पालिका क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे आवारा सूअरों से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गलियों और मुख्य सड़कों पर झुंड में घूम रहे सूअरों के कारण गंदगी और बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। इसको लेकर नगर पालिका सीएमओ को कई दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद के हाॅल में सूअर पालकों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सी.एम.ओ अशोक वर्मा एवं स्वास्थ्य अधिकारी धीरज मैना ने सभी सूअर पालकों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने सूअरों को शीघ्र ही शहर से बाहर ले जाएं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सूअरों के कारण शहर की साफ-सफाई व्यवस्था बिगड़ रही है, नालियां जाम हो रही हैं और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। यदि तय समय सीमा में सूअर पालकों ने अपने सूअर नहीं हटाए, तो नगर पालिका द्वारा विशेष अभियान चलाकर सभी आवारा सूअरों को पकड़वाया जाएगा और उन्हें शहर से बाहर भेज दिया जाएगा। साथ ही पालकों के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी।सी.एम.ओ अशोक वर्मा के इस निर्णय का नगरवासियों ने स्वागत किया है।नागरिकों का कहना है कि वार्डों में सूअरों के कारण बच्चों का घर से निकलना भी मुश्किल हो रहा है और आए दिन हादसे होने का डर बना रहता है। बैठक में नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी सहित कई सूअर पालक मौजूद रहे