गंजबासौदा।(नई हलचल)
एस.डी.एम अनुभा जैन ने शहर में निर्माण कार्यों एवं पुराने भवनों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वे सबसे पहले पुरानी नगर पालिका भवन पहुंचीं।निरीक्षण में पाया गया कि पुरानी नगर पालिका का भवन काफी जर्जर हो चुका है। किसी भी समय दुर्घटना की संभावना को देखते हुए एस.डी.एम ने भवन को तत्काल तोड़ने के निर्देश नगर पालिका सी.एम ओ को दिए।इसके बाद एस.डी.एम ने वार्ड नंबर 9 स्थित पाराशरी पलोड पेट्रोल पंप से त्योंदा रोड को जोड़ने वाले नवीन सीसी सड़क का भी निरीक्षण किया। यह मार्ग जाम की समस्या से राहत देने के लिए बनाया गया है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पाराशरी नदी के किनारे सुरक्षा की दृष्टि से जाली लगाने के निर्देश नगर पालिका सीएमओ अशोक वर्मा को दिए, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती शशि अनिल यादव, सांसद प्रतिनिधि देवेंद्र जी यादव, नगर पालिका सीएमओ अशोक वर्मा, नपा इंजीनियर सौरभ श्रीवास्तव, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सरदार अहिरवार, संजय भावसार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।एसडीएम अनुभा जैन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में चल रहे विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं